Thursday, March 21, 2019

रामगोपाल यादव ने कहा- पुलवामा में वोट के लिए जवान मार दिए गए, सरकार बदलने पर जांच होगी

इटावा. समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव ने पुलवामा हमले को साजिश करार दिया। उन्हाेंने कहा- पैरा मिलिट्री फोर्सेस इस सरकार (भाजपा सरकार) में दुखी हैं। वोट की खातिर जवान मार दिए गए। जब सरकार बदलेगी तब इस प्रकरण की जांच होगी और बड़े-बड़े लोग फंसेंगे।

रामगोपाल ने कहा, ''जम्मू-कश्मीर के बीच चेकिंग नहीं थी। जवानों को साधारण बस में भेज दिया गया। यह साजिश है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यदि नेता जी (मुलायम सिंह यादव) के द्वारा लाए गए हवाई जहाजों का इस्तेमाल सीमा पर हुआ होता तो आज पाकिस्तान सामना नहीं कर पाता।

माफी मांगें राम गोपाल यादव: योगी
उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, रामगोपाल का बयान घटिया राजनीति का भद्दा उदाहरण है। उन्हें सीआरपीएफ जवानों की शहादत पर प्रश्न खड़ा करने और देश के जवानों का मनोबल तोड़ने वाले इस बयान के लिए जनता से माफी मांगनी चाहिए।

हिंदुत्व का सर्टिफिकेट देने वाली पार्टी बनी भाजपा

अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "कब कौन चाय वाला बन गया और वही चाय वाला चौकीदार बन गया। भाजपा सर्टिफिकेट देने वाली पार्टी बन गई है। हिंदू और राष्ट्रवादी होने का सर्टिफिकेट भाजपा देती है।"

टीवी देखना बंद कर दें- अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा, "अगर आपको भटकने से बचना है तो आप लोग टीवी देखना बन्द कर दो। न्यूज चैनल देखना बन्द कर दो।" उन्होंने कहा कि हमारा गठबंधन बसपा से हो चुका है और देश में गठबंधन की स्थिति बहुत मजबूत है। आमचुनाव में जीत दर्ज कर गठबंधन सरकार बनाएगा।

14 फरवरी को हुआ था पुलवामा अटैक
14 फरवरी को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर फिदायीन हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। काफिले में एक आतंकी आरडीएक्स के साथ कार में सवार होकर घुस आया था और बस में टक्कर कर विस्फोट किया था। हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद ने ली थी। हमले के ठीक 13वें दिन भारतीय वायुसेना ने पाकस्तान के बालाकोट में एयर स्ट्राक की थी और जैश के ठिकानों को तबाह कर दिया था।

शिवपाल बोले- हम गठबंधन में शामिल होना चाहते थे

वहीं, शिवपाल यादव ने कहा है कि आज होली के अवसर पर नेताजी की कोठी पर आकर उनका अशीर्वाद लिया है। आगामी लोकसभा चुनाव में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी अच्छी सीटें जीत रही है। हमने बहुत प्रयास किया था, लेकिन गठबंधन में हमें शामिल नहीं किया गया। कांग्रेस से गठबंधन करने का प्रयास किया था, लेकिन कांग्रेस ने भी हमसे गठबंधन नहीं किया। हमारी पार्टी पीस पार्टी समेत 50 छोटे-छोटे दलों के साथ गठबंधन कर चुकी है। उन्ही के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगें।

Thursday, March 7, 2019

रफ़ाल के दस्तावेज़ कहां से मिले, ब्रह्मांड की कोई ताक़त मुझसे नहीं जान सकती- एन राम

भारत के अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में कहा था कि 'द हिन्दू' अख़बार के ख़िलाफ़ गोपनीयता के क़ानून के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है.

केंद्र सरकार का कहना है कि फ़्रांस से 36 लड़ाकू विमानों की ख़रीद से जुड़े दस्तावेज़ रक्षा मंत्रालय से चोरी हो गए हैं और इसी के आधार पर 'द हिन्दू' ने अपनी रिपोर्ट प्रकाशित की है.

वेणुगोपाल ने कोर्ट में कहा है कि 'द हिन्दू' ने जिन दस्तावेज़ों को प्रकाशित किया है उस आधार पर रफ़ाल सौदे की जांच नहीं होनी चाहिए क्योंकि ये सरकार की गोपनीय फ़ाइलें हैं.

'द हिन्दू पब्लिशिंग ग्रुप' के चेयरमैन एन राम के नाम से रफ़ाल सौदे पर कई रिपोर्ट प्रकाशित हुई है. एन राम का कहना है कि उन्होंने जनहित में ये रिपोर्टें प्रकाशित की हैं.

एन राम ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से कहा, ''इसमें कुछ भी परेशानी की बात नहीं है. जो प्रासंगिक था उसे हमने प्रकाशित किया है और मैं इसके साथ पूरी तरह से खड़ा हूं.

भारत ने अपनी वायुसेना के आधुनिकीकरण प्रोग्राम के तहत फ़्रांस की दसो कंपनी से 8.7 अरब डॉलर में 36 रफ़ाल लड़ाकू विमानों का सौदा किया था.

एन राम ने कहा है, ''हमने रक्षा मंत्रालय से दस्तावेज़ चुराए नहीं हैं. हमें ये दस्तावेज़ गोपनीय सूत्रों से मिले हैं और इस ब्रह्मांड में कोई ऐसी ताक़त नहीं है जो मुझे यह कहने पर मजबूर कर सके कि दस्तावेज किसने दिए हैं. हमने जिन दस्तावेज़ों के आधार पर रिपोर्ट प्रकाशित की है वो जनहित में हमारी खोजी पत्रकारिता का हिस्सा है. रफ़ाल सौदे की अहम सूचनाओं को दबाकर रखा गया जबकि संसद से लेकर सड़क तक इसे जारी करने की मांग होती रही.''

एन राम का कहना है कि उन्होंने जो भी प्रकाशित किया है, उसका अधिकार 'संविधान के अनुच्छेद 19 (1) से मिला है.' राम ने कहा कि ये अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सूचना के अधिकार का हिस्सा है. एन राम ने कहा कि राष्ट्र सुरक्षा और उसके हितों से समझौते का कोई सवाल ही खड़ा नहीं होता है.

एन राम ने ये भी कहा कि लोकतांत्रिक भारत को 1923 के औपनिवेशिक गोपनीयता के क़ानून से अलग होने की ज़रूरत है.

उन्होंने कहा, ''गोपनीयता का क़ानून औपनिवेशिक क़ानून है और यह ग़ैर-लोकतांत्रिक है. स्वतंत्र भारत में शायद ही किसी प्रकाशन के ख़िलाफ़ इस क़ानून का इस्तेमाल किया गया हो. अगर किसी तरह की जासूसी हो रही हो तो वो अलग बात है. हमने जो छापा है वो जनहित में है.''

एन राम का कहना है कि अटॉर्नी जनरल के तर्क को माना जाए तो इससे खोजी पत्रकारिता पर बहुत बुरा असर पड़ेगा.

राम ने कहा, ''ये केवल हिन्दू का मामला नहीं है. अन्य स्वतंत्र प्रकाशकों के लिए भी ख़तरनाक है. 1980 के दशक में हमने बोफ़ोर्स की जांच में अहम भूमिका अदा की थी. इस सरकार में मीडिया की स्वतंत्रता को लेकर डर बढ़ा है. भारतीय मीडिया को इसे लेकर बहुत कुछ करने की ज़रूरत है.''

पूरे विवाद पर वरिष्ठ पत्रकार और द हिन्दू में एन राम के साथ काम कर चुके प्रवीण स्वामी ने ट्वीट कर कहा है, ''19 साल पहले फ़्रंटलाइन में इस रिपोर्ट (करगिल संघर्ष पर की गई रिपोर्ट) के कारण मुझे गोपनीयता के क़ानून के तहत धमकियां मिली थीं. तब मेरे साथ एन राम खड़े थे. आज उसे याद करते हुए एन राम के प्रति मेरे मन आदर और बढ़ गया है.''

सुप्रीम कोर्ट में रफ़ाल मामले पर पुनर्विचार याचिका की सुनवाई में बुधवार को एटॉर्नी जनरल (एजी) केके वेणुगोपाल ने कहा था कि इस लड़ाकू विमान के सौदे से जुड़े कुछ ख़ास दस्तावेज रक्षा मंत्रालय से चोरी हो गए हैं.

सुप्रीम कोर्ट में प्रशांत भूषण ने जब एक नोट पढ़ना शुरू किया तो वेणुगोपाल ने आपत्ति जताई थी. भूषण ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी कि रफ़ाल सौदे से जुड़ी जांच की पुनर्विचार याचिका ख़ारिज नहीं करनी चाहिए क्योंकि 'अहम तथ्यों' को सरकार दबा नहीं सकती है.

रफ़ाल पर पुनर्विचार याचिका की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश रंजन गोगोई, जस्टिस एसके कौल और केएम जोसेफ़ की बेंच के सामने वेणुगोपाल ने कहा था कि रक्षा मंत्रालय से नौकरशाहों ने ऐसे दस्तावेज चुरा लिए हैं जिसकी जांच अभी लंबित है.

सुनवाई के दौरान मौजूद वरिष्ठ क़ानूनी संवाददाता के सुचित्रा मोहंती अनुसार एजी ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि गोपनीयता के क़ानून के अनुसार चोरी करने वालों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज किया गया है.

एजी से जस्टिस रंजन गोगोई ने पूछा कि सरकार ने इस मामले में क्या कार्रवाई की है तो वेणुगोपाल ने कहा था, ''हमलोग इसकी जांच कर रहे हैं कि फ़ाइल चोरी कैसे हुई. एजी ने कहा कि द हिन्दू ने गोपनीय फ़ाइल को छापा है. हाल ही में द हिन्दू ने रफ़ाल सौदे से जुड़ी कई रिपोर्ट छापी हैं जिनमें बताया गया है कि सरकार ने कई नियमों का उल्लंघन किया है.''

वेणुगोपाल ने कहा था कि रक्षा सौदों का संबंध राष्ट्र की सुरक्षा से होता है और ये काफ़ी संवेदनशील हैं. एजी ने कहा था कि अगर सब कुछ मीडिया, कोर्ट और पब्लिक डिबेट में आएगा तो दूसरे देश सौदा करने से बचेंगे.

प्रशांत भूषण ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि वो अदालत में वही दस्तावेज रख रहे हैं जो सार्वजनिक रूप से पहले से ही मौजूद हैं.

एजी ने पुनर्विचार याचिका ख़ारिज करने के पक्ष में दलील देते हुए कहा था कि सेक्शन तीन के उपनियम सी के अनुसार अगर कोई व्यक्ति वैसे दस्तावेजों का इस्तेमाल करता है, जिनका संबंध प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से संप्रभुता, एकता और विदेशी संबंधों से है तो यह ग़ैरक़ानूनी है. एजी ने सुप्रीम कोर्ट से गोपनीयता के क़ानून के उल्लंघन का हवाला देते हुए पुनर्विचार याचिका ख़ारिज करने की मांग की है.